गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आफताब अहमद ने भारी बारिश के बाद जारी बिजली संकट पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि जनपद के कई इलाकों में लोग दूसरे दिन भी बिजली का इंतजार कर रहे हैं। लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को हुई तेज बारिश के कारण कई घरों और दुकानों में पानी भर गया है। बिजली गुल होने से मोटर नहीं चल पा रहे हैं, जिससे जमा पानी निकालना मुश्किल हो गया है। पानी के कारण घरों में रखा सामान खराब हो रहा है। वहीं, दुकानदारों को भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में छोटे कारोबार और जरूरी काम पूरी तरह ठप हो गए हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। जनता लगातार बिजली विभाग से आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद लगाए बैठी है, लेकिन अभी तक राहत नहीं मिली है।