मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरखनाथ मंदिर को उड़ाने की धमकी फिरोजाबाद के सोनू ने दी थी। इसकी पुष्टि पुलिस की जांच में हो गई है। पुलिस के मुताबिक, सोनू ने ही लेडी डॉन नाम से ट्विटर अकाउंट बनाया था। इसके जरिए ही धमकी दी गई थी। अब पुलिस गिरफ्तारी की कोशिश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, फरवरी में लेडी डॉन नामक ट्विटर हैंडल से गोरखपुर पुलिस को धमकी भरा संदेश मिला था। इसमें लिखा गया था कि यूपी विधानसभा लखनऊ, रेलवे स्टेशन और बस अड्डा पर बम लगा दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी हत्या हो जाएगी। इससे गोरखपुर पुलिस हरकत में आई और छानबीन शुरू कर दी।
इसी बीच एक और ट्वीट आ गया। इसमें लिखा गया कि गोरखनाथ मंदिर में आठ जगह बम लगा दिए गए हैं। मेरठ में 10 जगह बम ब्लॉस्ट की बात भी लिखी गई थी। इस मामले में कैंट पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की थी। साइबर सेल की मदद से छानबीन से अब पता चला है कि लेडी डॉन नाम से सोनू नामक व्यक्ति ने ट्वीट किया था।
सोनू की लोकेशन फिरोजाबाद में मिली थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने फिरोजाबाद में डेरा डाला था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी। अब गोरखपुर पुलिस अलग-अलग जिलों में सूचना भेजकर सोनू नामक बदमाश जानकारी मांगी है। पुलिस का कहना है कि सोनू शातिर अपराधी है। कई जिलों की पुलिस तलाश में लगी थीं। संभव है कि किसी मामले में गिरफ्तार करके उसे जेल भेज दिया गया हो। अलग-अलग जिलों से जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।