गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र जीवकर निवासी सोनू यादव (27) की रविवार सुबह लखनऊ में इलाज करने के दौरान मौत हो गई। 2 फरवरी को बड़े भाई अनिल यादव ने रुपये के लेनदेन के विवाद में सोनू के सिर पर लाठी से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया था, जहां पर उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गगहा क्षेत्र के जीवकर गांव निवासी रामगोपाल यादव के तीन पुत्र अनिल यादव,सोनू यादव व सुधीर यादव हैं। तीनों छत्तीसगढ़ में कोल्डफील्ड में काम करते थे। कुछ दिन पहले बड़ा भाई अनिल पहले गगहा के दीवार गांव में अपने घर आया था। सोनू भी 2 फरवरी को घर अपनी रिश्तेदार की कार से घर आ गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, रिश्तेदार की गाड़ी घर लेकर आना बड़े भाई अनिल को नागवार लगी, क्योंकि उस रिश्तेदार से अनिल की नहीं पटती थी।उसी दिन रात्रि करीब 10 बजे बड़ा भाई अनिल रिश्तेदार की कार का शीशा तोड़ने लगा। आवाज सुनकर छोटा भाई सोनू आया और अपने बड़े भाई को कार तोड़ने से मना करने लगा।
आरोप है कि विवाद के दौरान बड़ा भाई अनिल व उसकी पत्नी संध्या दोनों मिलकर सोनू यादव की बुरी तरह से पिटाई कर दी। बीच बचाव करने गए पिता को भी बड़े बेटे ने दौड़ा लिया था ।आरोप है कि ग्रामीणों ने जब चोट से बेहोश सोनू को अस्पताल ले जाना चाह तो अनिल ने उन पर अवैध तमंचा तान लिया।
इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही अनिल मौके से फरार हो गया। पिता रामगोपाल यादव की तहरीर पर गगहा पुलिस ने अनिल यादव व उसकी पत्नी संध्या यादव के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसमें अब धारा बढ़ाई जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।