जीआरपी ने वर्दी पहन अपराध करने वाले युवक को गिरफ्तार किया ।
- फोटो : KUSHINAGAR
ट्रेन में यात्रियों से छिनैती करने वाला पकड़ा गया
खड्डा (कुशीनगर)। सीआरपीएफ की वर्दी पहनकर ट्रेन यात्रियों पर रौब झाड़कर छिनैती व चोरी करने वाला शातिर अपराधी को जीआरपी की टीम ने शुक्रवार को पकड़ लिया। मुजफ्फरपुर से दिल्ली जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस में पकड़े गए इस अपराधी के पास से जीआरपी ने चार हजार रुपये नकद तथा सीआरपीएफ की एक सेट वर्दी भी बरामद किया।
जीआरपी चौकी पडरौना/पनियहवा के प्रभारी उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेनों में अपराध करने वालों के विरुद्ध जांच की जा रही थी। सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी ट्रेन में वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर ट्रेनों में छानबीन शुरू की गई। एसआई राजनारायण यादव, अजीत कुमार चौधरी, कांस्टेबल इंदुप्रकाश, अशोक वर्मा, वीरेंद्र यादव, सर्वजीत यादव, मनोज चौधरी, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक अमित कुमार राय, देवेंद्र प्रताप की टीम ने सप्तक्रांति एक्सप्रेस में एक संदिग्ध को देखकर घेराबंदी की। जीआरपी व आरपीएफ टीम को देखते हुए संदिग्ध भागने लगा। पकड़कर पूछताछ की गई तो उसकी पहचान अरविंद तिवारी उर्फ भोला निवासी महरेब चितबड़ा जिला बलिया के रूप में हुई। उसके पास से एक सेट सीआरपीएफ की वर्दी और चार हजार रुपये नकद मिले। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति सीआरपीएफ की वर्दी पहनकर ट्रेन में सफर करता था और मौका देखकर सामान चोरी कर लेता था। कई बार लोगों को धमकाकर रकम भी वसूल लेता था। गिरफ्तार आरोपी अरविंद तिवारी उर्फ भोला के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।