संतकबीरनगर जिले से 20 पशुओं को दो ट्रकों से लेकर बिहार की तरफ जा रहे पशु तस्करों ने शनिवार की सुबह हाटा कोतवाली के पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। ये पुलिसकर्मी पशु तस्करी की सूचना पर हाटा कस्बे के केन यूनियन चौराहे पर वाहनों को रोकने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि किसी सिपाही को इस घटना में चोट नहीं आई है। पुलिस ने दो ट्रकों पर लदे 20 पशुओं को मुक्त कराते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार की सुबह हाटा कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गोरखपुर की तरफ से पशुओं से लदे दो ट्रक बिहार की ओर जा रहे हैं। इस पर कोतवाल जयप्रकाश पाठक की अगुवाई में पुलिस टीम ने हाटा कस्बे के केन यूनियन चौराहे पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
कोतवाल के अनुसार गोरखपुर की तरफ से दो ट्रक आते दिखे। पुलिस कर्मियों ने जब उन्हें रूकने का इशारा किया तो चालकों ने ट्रकों की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान सड़क के किनारे खड़े पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास किया गया लेकिन जवानों को खुद को बचाते हुए दोनों ट्रकों का पीछा कर पकड़ लिया।
इस दौरान दोनों ट्रकों पर मौजूद चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। जब ट्रकों पर थाने लाकर उनका पर्दा हटाया गया तो उसमें 10-10 पशुओं को बांधकर लादा गया था। पकड़े गए राम सिंह, नवाज शरीफ, साबिर अली व सर्फुद्दीन संत कबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने तस्करों के खिलाफ हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। पशु तस्करों को पकड़ने वाली टीम में कस्बा चौकी इंचार्ज राजीव कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राम इकबाल राव, कांस्टेबल आकाश मौर्या, अखिलेश गुप्ता आदि पुलिसकर्मी शामिल थे।