बिजली निगम के स्मार्ट प्री पेड मीटर से बिजली प्रयोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें अब दो फीसदी सस्ती बिजली मिलेगी। इसकी घोषणा भी निगम की तरफ से कर दी गई है। 1 से 25 किलोवाट तक के स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर वाले उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। यहीं नहीं, पोस्टपेड उपभोक्ता यदि अपना कनेक्शन प्री पेड कराते हैं तो उन्हें सिक्योरिटी राशि का एडजेस्टमेंट रीचार्ज के रूप में मिलेगा।
पॉवर कारपोरेशन की तरफ से विद्युत वितरण मंडल शहरी के सभी काउंटरों पर इस व्यवस्था को शुरू करने को कहा गया है। इसके पूर्व कुछ ही काउंटर जैसे शास्त्री चौक, बक्शीपुर में ही रीचार्ज की सुविधा प्री पेड उपभोक्ताओं को मिलती थी। नई व्यवस्था के तहत अब अपने क्षेत्र के किसी भी बिल संग्रह केंद्र पर जाकर अपना प्री पेड कनेक्शन रीचार्ज करा सकेंगे।
इसके अलावा मोहद्दीपुर मुख्य अभियंता कार्यालय पर भी इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। शहरी अधीक्षण अभियंता यूसी वर्मा ने बताया कि स्मार्ट प्री पेड बिजली मीटर लगवाना उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद होगा। उन्हें दो फीसदी बिजली भी सस्ती मिलेगी। बकाया व गलत बिल बनने की संभावना भी नहीं रहेगी। जितने का रिचार्ज कराएंगे, उतना एमाउंट मीटर में आसानी से देख सकेंगे। रीचार्ज खत्म होते ही कनेक्शन अपने आप कट जाएगा।