रेलवे स्टेशन के स्थापना दिवस को यादगार बनाने में जुटे अफसर
मकर संक्रांति के दिन पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के सबसे बड़े स्टेशन गोरखपुर का स्थापना दिवस है। इसे यादगार बनाने के लिए रेल प्रशासन जुटा है। इस दिन स्टेशन परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केक कटने के साथ ही कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
पहली बार पूर्वोत्तर रेलवे में स्टेशनों का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत गोरखपुर से होगी। यह स्टेशन 15 जनवरी 1885 को अस्तित्व में आया था। लिहाजा 15 जनवरी को गोरखपुर जंक्शन पर उत्सव जैसा माहौल रहेगा। प्लेटफॉर्म पर ही केक काटा जाएगा और वंदे भारत ट्रेन के यात्रियों को गुलाब का फूल देकर उनका वेलकम किया जाएगा।
इसके साथ ही एसी लाउंज के पास एक फोटो गैलरी लगाई जाएगी। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे की विकास यात्रा से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों को रखा जाएगा। रेल प्रशासन ने अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसके अलावा रेलवे के प्राचीन इतिहास से जुड़ी एक फिल्म प्रदर्शित करने की भी तैयारी है।