गोरखपुर। तेज हवा और बारिश के चलते बृहस्पतिवार देर रात बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात करीब एक बजे सब स्टेशन से सप्लाई ठप होने के बाद शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे बिजली बहाल हो सकी। करीब छह घंटे तक बिजली नहीं रहने से अस्पताल प्रशासन, मेडिकल छात्र और कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नेहरू अस्पताल, सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और बाल रोग संस्थान सहित सभी महत्वपूर्ण विभागों में मरीजों की सेवाएं बाधित न हों, इसके लिए 20 से अधिक जनरेटर लगातार संचालित किए गए। हालांकि, एमबीबीएस छात्रों और पीजी चिकित्सकों के 12 हॉस्टलों के साथ मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में जनरेटर की सुविधा नहीं होने से वहां रहने वालों को अंधेरे और उमस में रात गुजारनी पड़ी। छात्रों और कर्मचारियों ने सब स्टेशन पर शिकायत की लेकिन वहां कोई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद नहीं मिला। बताया गया कि अवर अभियंता सुबह करीब छह बजे सब स्टेशन पहुंचे। उसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया तेज हुई।