गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के महरुपुर निवासी धर्मप्रकाश उर्फ अंकित कुमार, मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना इलाके के वलिदपुर (नारापार) निवासी करन कुमार, वलिदपुर (कोड़रा) के दुर्गेश कुमार उर्फ लालू, इसी गांव के सूरज कुमार, गोरखपुर के गोला इलाके के खटिकाना निवासी मनचली उर्फ सन्नी किन्नर और गगहा इलाके के सोनईचा निवासी अजय शर्मा उर्फ दुर्गेश शर्मा के रूप में हुई है। इनके पास से दो .32 बोर की पिस्टल, पांच कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक कार और एक बाइक बरामद की गई है।
पुलिस लाइंस के व्हाइट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि 19 नवंबर को बिजली किन्नर अपने पति रविकेश गौतम और कुछ अन्य लोगों के साथ भैंसा बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान कलानी मोड़ के पास कार सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से रविकेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बिजली किन्नर घायल हो गई थीं। घटना के बाद गगहा थाने में हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
जांच में सामने आया कि मनचली उर्फ सन्नी की बिजली किन्नर से इलाके के बंटवारे को लेकर पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते उसने बिजली और उनके पति रविकेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, मनचली ने अजय शर्मा के माध्यम से शेरू उर्फ मित्रपाल से संपर्क किया था। इसके बाद शूटरों को हत्या के लिए तैयार किया गया। एसपी साउथ ने बताया कि पुलिस की टीमें शूटर शेरू और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। गिरफ्तारी में सर्विलांस, स्वाट, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की अहम भूमिका रही।