नई अंतरराष्ट्रीय रेटिंग शतरंज में जारी रैंकिंग में बनाई जगह
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। विश्व शतरंज महासंघ (फीडे) ने जारी अपनी नई रैंकिंग में गोरखपुर के खिलाड़ी को भी मौका दिया है। 31 अक्तूबर को जारी नई अंतरराष्ट्रीय रेटिंग शतरंज की सूची में शहर के सेंट जोसेफ स्कूल, सिविल लाइंस के छात्र श्रेयांश श्रीवास्तव को चुना गया है। फीडे ने श्रेयांश को रैपिड रेटिंग प्रदान किया है।
श्रेयांश को 1047 की प्रारंभिक रैपिड रेटिंग प्रदान की है। यह उपलब्धि बीते माह आगरा में 22 और 23 अक्तूबर को आयोजित लंबरदार गया प्रसाद मेमोरियल, यूपी स्टेट रैपिड रेटिंग चेस चैंपियनशिप और प्रयागराज में आयोजित पंडित राम जी पाठक मेमोरियल यूपी स्टेट फीडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर हासिल हुआ है।
जिला शतरंज संघ के महासचिव जितेंद्र सिंह ने बताया कि श्रेयांश ने दोनों प्रतियोगिता में आठ अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ियों से खेलते हुए चार अंक अर्जित किया। श्रेयांश की इस उपलब्धि पर इनके पिता पंकज कुमार श्रीवास्तव, पुष्पदंत जैन, सृंजय कुमार मिश्र, एसए रहमान, सैयद नौशाद अली सब्जपोश आदि मौजूद रहे।