उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पटहेरवा थानाक्षेत्र के गांव कोटवा करजही में बृहस्पतिवार की देर शाम आर्थिक तंगी से परेशान होकर दुकानदार ने जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक कोटवा करजही गांव निवासी दुखी गोंड़ (65) गांव के चौराहे पर पान की दुकान चलाते थे। बृहस्पतिवार शाम तक वे चौराहे पर थे। देर शाम दुकान से लगभग 200 मीटर दूर एक व्यक्ति की गोशाला में दुखी का शव पाइप में फंदे से लटका मिला।
गांव के लोगों के अनुसार वे कुछ दिनों से परेशान थे। सूचना पर पहुंचे पटहेरवा थाने के एसआई ब्रजेश मिश्र और रत्नेश मौर्या ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल पर एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें आर्थिक तंगी की वजह से आत्महत्या की बात लिखी है। इसकी भी छानबीन की जा रही है।