- गुलरिहा पुलिस ने दर्ज किया केस, मामले की जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गुलरिहा इलाके के एक गांव की युवती के मंगेतर के घर जाकर शोहदे ने शादी तोड़ने की धमकी दी। आरोप है कि शोहदे ने बरातियों पर हमला कराने की बात की है। शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, आरोपी के अधिवक्ता ने एक साल से लिव इन रिलेशन में रहने का दावा किया है।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती के पिता ने केस दर्ज कराने के साथ ही सीएम को प्रार्थना पत्र दिया है। लिखा है कि उनकी 19 वर्षीय बेटी की शादी 22 जून को तय है। सगाई हो चुकी है। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मंझरिया निवासी शेरू उर्फ रंजीत निषाद बदमाशों की मदद से कई बार उनकी बेटी का अपहरण करने का प्रयास कर चुका है। उनकी बेटी की जहां भी शादी तय होती है, वह वर पक्ष के घर पहुंचकर गालियां देता है और जान से मारने व बरात में बदमाशों से हमला कराने की धमकी देकर शादी तुड़वा देता है। इस बार भी वह 20 मई की दोपहर युवती के मंगेतर के घर पहुंचा और धमकी देकर शादी तुड़वा दी। गुलरिहा व कोतवाली थाने में शिकायत के बाद भी मदद नहीं मिली तो युवती के पिता ने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में गुहार लगाई है। पिता की तहरीर पर पुलिस शेरू निषाद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है।