उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद के एक प्रतिष्ठित शू स्टोर मालिक ने दुकान से चप्पल चुराने वाले युवकों को फेसबुक पर चेतावनी दी है। कहा है कि एक हफ्ते में ऑनलाइन या दुकान पर आकर चप्पल की रकम का भुगतान कर दें, नहीं तो सीसी टीवी में कैद उनकी करतूत का पूरा एलबम सोशल मीडिया पर डाल दिया जाएगा। बता दें कि चप्पल चोरी की घटना रविवार की है।
खलीलाबाद के शू स्टोर के मालिक रतिन्दर सिंह छाबड़ा के मुताबिक रविवार दोपहर 3:40 बजे दो युवक दुकान पर आए और अपनी पुरानी चप्पल छोड़कर दुकान की नई चप्पल बिना भुगतान किए पहन कर चंपत हो गए। युवकों की पूरी करतूत दुकान के सीसीटीवी के कैमरे में कैद हो गई है।
रतिन्दर ने बताया कि युवक लाल रंग की फुल बांह शर्ट, सिर पर लाल गमछा और सफेद रंग की पैंट पहना था। उसके साथ के युवक ने सफेद शर्ट, नीली जींस पहन रखा था। शू स्टोर मालिक ने कहा है कि एक हफ्ते में युवकों ने चप्पल की कीमत का भुगतान नहीं किया तो उनकी करतूत की पूरी एलबम फेसबुक पर डाल देंगे।
शू स्टोर मालिक ने कहा है कि चप्पल की कितनी कीमत भेजनी है यह उनको भली-भांति पता है। उधर, कोतवाल रवींद्र कुमार ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। यदि मामला सामने आएगा तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।