मंडलीय सम्मेलन में संबोधित करते शिवपाल सिंह यादव व उपस्थित लोग।
- फोटो : अमर उजाला
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के मंडलीय सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जम कर हमला बोला। कहा कि देश के हालात बदतर हैं। देश में मात्र सौ उद्योगपति ही खुशहाल हैं। देशवासी परेशान हैं। पाकिस्तान, भूटान की स्थिति प्रदेश में किसान, नौजवान, छोटे व्यापारी आत्महत्या कर रहे हैं। नौकरी मिलने के बजाय जा रही है। बेरोजगारी चरम पर है।
प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यहां आए युवाओं का जोश परिवर्तन का संदेश देता है। समाजवादियों का इतिहास रहा है कि वे संघर्ष से कभी पीछे नहीं हटे हैं। वह संघर्ष की कोख से पैदा हुए हैं। उन्होंने 1975 का जिक्र करते हुए कहा कि जेपी आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी। इस आंदोलन में जेल भी गए थे। 1977 में परिवर्तन हो गया। देश में जनता पार्टी की सरकार बन गई।
2011 का जिक्र करते हुए कहा कि इसी गोरखपुर की धरती से 10 फरवरी को बसपा सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल बजा था। तब वह प्रदेश अध्यक्ष थे। आज एक बार फिर गुरु गोरखनाथ, संत कबीर, देवरहवा बाबा की कर्म स्थली तथा रामप्रसाद बिस्मिल की शहादत स्थली से भाजपा सरकार को उखाड़ फेकने का आह्वान करते हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश का विकास नही हुआ। मुख्यमंत्री का शहर है, कोई बताए तीन साल में कितने ओवरब्रिज बने हैं। सड़कें खराब हैं। उनकी सरकार में ऐसा नहीं था। आज थानों तहसीलों मेें कोई काम बगैर पैसा लिए नही हो रहा है।
भाजपा के लोग हिंदू मुस्लिम करते हैं
प्रसपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शादाब फातिमा ने कहा कि नाथ पंथ की परंपरा बहुत ही सहिष्णु रही है। जहां से नाथ पंथ के योगियों ने पूरी दुनिया को मानवता का संदेश दिया उसी के पीठाधीश्वर अब हर बात पर कहते हैं ठोक दो। शादाब फातिमा ने कहा कि भाजपा के लोग हिंदू मुस्लिम की राजनीति करते हैं। कहते हैं कि वंदेमातरम कहना होगा।
अरे उन्हें पता नहीं आजादी के दीवाने वंदेमातरम कहते फांसी पर झूल गए। उस समय संघ के लोग बिलों में दुबके हुए थे। उन्होंने सवाल किया कि कौन इसे नहीं कहना चाहता। गृहमंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली के चुनाव में गृह मंत्री कहते थे कि ऐसा बटन दबाना कि करंट शाहीन बाग तक पहुंच जाए। दुर्भाग्य से करंट आप तक पहुंचा और उनकी सरकार बन गई।
भाजपा से जब हिसाब मांगा जाता है तब वह लोग हिंदू मुस्लिम करने लगते हैं। देश को बर्बादी के रास्ते पर ढकेल दिया है। आज भाजपा सरकार में महिलाएं ही नहीं कोई सुरक्षित नही है। सभा को दीपक मिश्रा, पूर्व मंत्री जयप्रकाश यादव, कमाल यूसूफ, प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह लोधी, अंशुमान सिंह, श्यामनारायन यादव, श्रीराम यादव , वीरेद्र यादव, विजय प्रताप सिंह, अमित जानी, सहित अन्य कई लोगों ने संबोधित किया।