- समायोजन, मानदेय बढ़ाने और मृत शिक्षामित्रों के परिवार को आर्थिक सहायता देने की उठाई मांग
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिलाध्यक्ष राम नगीना निषाद के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि ज्ञापन में टीईटी और एनसीटी मानक पूरा करने वाले करीब 60 हजार शिक्षामित्रों को सुपर टीईटी से छूट देकर शिक्षक पद पर समायोजित करने, सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने और 12 महीने का मानदेय देने की मांग की गई। साथ ही विशेष टीईटी में शामिल होने का अवसर देने व दिवंगत शिक्षामित्रों के परिवार को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी गई। उन्होंने कहा कि मूल विद्यालय वापसी और महिला शिक्षामित्रों के स्थानांतरण का आदेश जारी होने के बावजूद अधिकांश जिलों में प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इससे शिक्षामित्रों को 80 से 90 किलोमीटर दूर जाकर काम करना पड़ रहा है।
इस दौरान मुन्नू निषाद, दिलीप सिंह, अविनाश कुमार, राजनाथ यादव, सविता राय, सीमा देवी, कंचन लता सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।