गोरखपुर। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के चुनाव में शनिवार को मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित कर दिए गए।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राधेश्याम पांडेय ने आधिकारिक रूप से विजेताओं की घोषणा की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव ने 770 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिल कुमार मिश्रा को हराया, जिन्हें 635 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर प्रवीण कुमार शुक्ल ने 1132 मत प्राप्त कर विजय दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनीष यादव को 939 मतों से संतोष करना पड़ा। परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।
विजयी प्रत्याशियों को एल्डर्स कमेटी के सदस्य हरिप्रकाश मिश्र, रामजीत यादव, महेंद्र प्रताप सिंह, नरसिंह शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने बधाई दी। इसके अलावा प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष मधुसूदन त्रिपाठी, एसोसिएशन के अध्यक्ष उमापति उपाध्याय, मंत्री अनुज अस्थाना समेत अन्य पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने भी शुभकामनाएं दीं।
चुनाव परिणाम आने के बाद नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हित में कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।