महराजगंज की युवती ने गुलरिहा के युवक पर लगाए गंभीर आरोप, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुलरिहा (गोरखपुर)। महराजगंज जिले की एक युवती से शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और बाद में शादी का दबाव बनाने पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को बुलाकर उस पर जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में गुलरिहा थाना क्षेत्र के सखरूवा गांव निवासी युवक और उसके भाई को नामजद किया गया है। पीड़िता की तहरीर पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पीड़िता का आरोप है कि गुलरिहा थाना क्षेत्र के सखरूवा गांव निवासी मिथिलेश कुमार सिंह से उसकी जान-पहचान कई वर्ष पहले हुई थी। इसी दौरान मिथिलेश ने उससे शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। लंबे समय तक वह उसे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन जब युवती ने विवाह के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो वह टालमटोल करने लगा।
युवती का आरोप है कि इसी बीच मिथिलेश ने बिना उसे जानकारी दिए किसी अन्य युवती से शादी कर ली। जब इसकी जानकारी पीड़िता को हुई और उसने इसका विरोध करते हुए शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, 15 दिसंबर को मिथिलेश कुमार सिंह ने उसे खजांची चौराहे पर बुलाया। युवती वहां पहुंची तो मिथिलेश के साथ उसका बड़ा भाई भोला सिंह भी मौजूद था। आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों भाई अचानक आक्रोशित हो गए और धारदार हथियार से युवती पर हमला कर दिया। हमले में युवती घायल हो गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
घटना के बाद पीड़िता ने गुलरिहा थाने पहुंचकर आपबीती पुलिस को बताई। युवती की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने मिथिलेश कुमार सिंह और उसके भाई भोला सिंह के खिलाफ दुष्कर्म, जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।