- विशेष रोल प्रेक्षक ने गोरखपुर शहर और बांसगांव विधानसभा क्षेत्र में बूथों का किया निरीक्षण
- मतदाताओं का डेट की विधानसभावार मैपिंग में तेजी लाने का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। जिले में चल रही विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत छह लाख से ज्यादा नाम कटने वाली सूची वाले मतदाताओं का दोबारा सत्यापन शुरू हो गया है। बुधवार को शहर क्षेत्र में बीएलओ ने घर-घर जाकर सत्यापन किया और राजनीतिक दलों के लोगों से भी मदद ली। सत्यापन में मृतक, शिफ्ट हुए और गलत पता वाले मतदाताओं की जानकारी जुटाई जा रही है अगर गलत तरीके से नाम हटा है तो उनका नाम जोड़ा जाएगा।
जिले में अब मतदाता सूची के आधार पर मतदान केंद्र और बूथ के हिसाब से मतदाताओं की मैपिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उधर, भारत निर्वाचन आयोग से नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन आईएएस ने बुधवार को शहर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे एसआईआर कार्यों का निरीक्षण एवं समीक्षा की। उन्होंने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित मतदाताओं से भी बातचीत कर कार्यों की प्रगति एवं पारदर्शिता की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त विनीत सिंह, उप जिलाधिकारी सदर दीपक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
-
एसआईआर : समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से करें कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसगांव। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को निर्वाचन आयोग से नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन ने बांसगांव क्षेत्र के वहीदाडी गांव के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या 185, 184, 186, 187 से संबंधित गणना प्रपत्रों की जांच की। उन्होंने समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से एसआईआर कार्य करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए और अपात्र प्रविष्टियों को समय रहते हटाया जा सके।