गोरखपुर। एयरपोर्ट पर विमानों के देर से आने और रवाना होने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। इससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई से आने वाली उड़ानों के साथ ही कोलकाता, मुंबई और बंगलूरू जाने वाली फ्लाइटें अपने निर्धारित समय से विलंब से संचालित हुईं।
सुबह दिल्ली से आने वाली स्पाइसजेट की उड़ान निर्धारित समय 10:50 बजे के बजाय 12:23 बजे एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद हैदराबाद से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट, जिसे दोपहर 1:25 बजे आना था, लगभग एक घंटे की देरी से पहुंची। शाम को मुंबई से आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट भी तय समय 6:15 बजे की जगह 7:25 बजे पहुंची। प्रस्थान करने वाली उड़ानों का भी यही हाल रहा। कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट, जो 3:50 बजे उड़ान भरने वाली थी, 4:40 बजे रवाना हो सकी। वहीं, शाम 4:00 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट करीब एक घंटे की देरी से रवाना हुई। बंगलूरू जाने वाली अकासा एयर की उड़ान भी निर्धारित समय 7:30 बजे के बजाय 7:55 बजे उड़ान भर सकी।