गोरखपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खोराबार के मलपुर गांव के पास फोरलेन पर शुक्रवार को ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। जिनमें से एक युवक सूर्यप्रताप यादव उर्फ सोनू (28) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथी आदित्य की जिला अस्पताल में मौत हुई।
दोनों युवक कुशीनगर से गोरखपुर की तरफ बाइक से आ रहे थे। अपराह्न साढ़े तीन बजे के करीब मलपुर के पास ट्रक ने ठोकर मार दी। मृतक सोनू पिपराइच के चिलबिलवा का रहने वाला था वहीं आदित्य कुशीनगर के बरवा सुकरौली का रहने वाला था।
पिकअप और डीसीएम की टक्कर में घायल हुए मुंडेरा बाजार निवासी अनिल जायसवाल (38) की शुक्रवार को मौत हो गई। उनका इलाज लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा था। दो माह पूर्व 29 अक्तूबर को भोपा बाजार चौराहे पर हुए सड़क हादसे में वह घायल हुए थे।