- कार्यालय में आग लगने के कारण ठप हो गया था ऑनलाइन कामकाज
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। तारामंडल क्षेत्र में राज्यकर विभाग के कार्यालय में बीते दिनों लगी भीषण आग के कारण सर्वर रूम जलकर खाक हो गया था। इसके चलते ऑनलाइन कामकाज ठप हो गया था। अब सर्वर रूम सक्रिय हो गया है, इससे कार्यों में तेजी आई है।
आग लगने के कारण करीब एक पखवाड़े से राज्यकर विभाग के दफ्तर में कामकाज प्रभावित हो रहा है। अब ऑनलाइन पेंडिंग कार्यों को अधिकारी और कर्मचारी निपटा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजहों को जानने के लिए डीएम दीपक मीणा ने एडीएम सिटी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय समिति गठित की थी। उस समिति की रिपोर्ट अभी तैयार नहीं हो सकी है। वहीं, आग के बाद जर्जर हो चुकी बिल्डिंग के स्ट्रक्चरल ऑडिट को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के विशेषज्ञों की टीम पूरी करने में जुटी हुई है।
राज्यकर विभाग के आयुक्त कुमार का कहना है कि एमएमएमयूटी की टीम ने जो कागजात मांगे थे, उन्हें मुहैया करा दिया गया है। उनकी ओर से दिए गए एस्टीमेट को मुख्यालय भेज दिया गया है। सर्वर रूम के सक्रिय होने से ऑनलाइन कामकाज पटरी पर लौटने लगा है।