सीरो सर्वे के लिए सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम।(फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सीरो सर्वे की शुरुआत शुक्रवार से हो गई। पहले दिन 208 लोगों के सैंपल लिए गए। एंटीबॉडी जांच के लिए सैंपल केजीएमयू लखनऊ भेजे जांएगे। नोडल प्रभारी डॉ अरुण चौधरी ने बताया कि छह ब्लॉक और एक शहरी क्षेत्र में सर्वे कर नमूना लिया गया है। इसके लिए 10 टीमें लगाई गई है। 17000 हजार परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच शासन की ओर से जिले में सीरो सर्वे का फैसला लिया गया है। इसकी निगरानी केजीएमयू लखनऊ की टीम कर रही है। डॉ. अरुण चौधरी ने बताया कि पहले दिन बेलघाट में 32, उरुवा 34, कौड़ीराम 32, सहजनवां 32, पिपराइच 29, जंगल कौड़िया में 17 लोगों के नमूने लिए गए हैं।
इसके अलावा शहरी क्षेत्र के निजामपुर में 32 लोगों के नमूने लिए गए हैं। जबकि डेरवा सिविल लाइन और खोराबार में एक भी नमूना नहीं लिया गया है। बताया कि लिए गए नमूनों के एंटीबॉडी की जांच कराई जाएगी। देखा जाएगा कि समुदाय में एंटीबॉडी विकसित है या नहीं। बताया कि यह सर्वे कोरोना संक्रमण को रोकने में काफी कारगार होगा।