कई प्रत्याशियों के व्यय लेखा में पाई गईं कमियां
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। लोक सभा क्षेत्र 64-गोरखपुर और 67- बांसगांव से लड़ने वाले प्रत्याशियों के व्यय लेखा/रजिस्टर का द्वितीय निरीक्षण 25 मई को किया गया। इसमें कई प्रत्याशियों के व्यय लेखा में विभिन्न कमियां पाई गई हैं, जिसके लिए संबंधित लोक सभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों ने 48 घंटे में जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया है।
लोक सभा 67-बांसगांव (अजा) से निर्दलीय प्रत्याशी मुरलीधर और गया प्रसाद या उनकी ओर से प्राधिकृत एजेंट व्यय लेखा निरीक्षण के लिए उपस्थित नहीं हुए। बहुजन समाज पार्टी के राम समुझ द्वारा 10 हजार से अधिक का भुगतान नकद में किया जा रहा है और चुनावी व्यय, चुनाव के लिए खोले गए खाते से न करके सीधे किया जा रहा है।
इसी प्रकार लोक सभा क्षेत्र 64-गोरखपुर से निर्वाचन में प्रतिभाग करने वाले भागीदारी पार्टी (पी) के उम्मीदवार शिवशंकर प्रजापति और निर्दलीय अमिता भारती के व्यय लेखा में चुनाव के लिए खोले गए खाते में न जमा करके सीधे व्यय करने की कमी पाई गई है। दोनों लोक सभा के रिटर्निंग अधिकारियों ने बताया कि यदि इन प्रत्याशियों द्वारा तय समय सीमा पर जवाब नहीं दिया गया तो उनके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा-77 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा के अधीन सक्षम न्यायालय में शिकायत दर्ज की जाएगी। यदि नोटिस प्राप्ति के तीन दिनों के बाद में भी इन उम्मीदवारों की ओर से व्यय रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया गया तो, तो इनको निर्वाचन से संबंधित वाहन की अनुमति वापस ले ली जाएगी।