गोरखपुर। बलरामपुर में 17 से 19 मार्च तक आयोजित तीन दिवसीय सीनियर राज्यस्तरीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में गोरखपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अयोध्या को 29-18 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच में गोरखपुर की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पूरे मुकाबले में बढ़त बनाए रखी। टीम की बेहतरीन समन्वय और तेज खेल की बदौलत अयोध्या की टीम वापसी नहीं कर सकी। फाइनल तक पहुंचने के लिए गोरखपुर की टीम ने अपने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की।
पहले मैच में सुल्तानपुर को 20-05, दूसरे मैच में मऊ को 26-04 और तीसरे मैच में बस्ती को 26-12 से हराया। इसके बाद चौथे मुकाबले में मेजबान बलरामपुर को 20-02 से पराजित किया। वहीं सेमीफाइनल में वाराणसी को 24-10 से हराकर टीम ने फाइनल में प्रवेश किया।
टीम की उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव डॉ. आनंदेश्वर पांडेय, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह, चंद्रविजय सिंह, डॉ. राजेश यादव, त्रिलोक रंजन, कोच नफीस अहमद, संजय राय, जिला हैंडबॉल सचिव अरविंद यादव आदि ने बधाई दी।