गोरखपुर। रेलवे स्टेशन परिसर में बना टिकट चेकिंग रनिंग रूम पूरी तरह से जर्जर हो गया है। छत की सीलिंग का प्लास्टर टूट कर गिर रहा है। इस भवन को कंडम घोषित कर दिया जाए। निरीक्षण के बाद सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने सहायक मंडल अभियंता को दी है।
इस रिपोर्ट के बाद अब रनिंग रूम को शिफ्ट किए जाने पर मंथन शुरू हो गया है। वहीं, आईआरसीटीएसओ के पदाधिकारियों ने तत्काल दूसरे भवन में रनिंग रूम को शिफ्ट किए जाने की मांग की है। दरअसल, पिछले दिनों बारिश के बाद छतें टपकने लगी थीं। इसके बाद सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने जांच की।
उन्होंने रिपोर्ट में लिखा है कि गोरखपुर रनिंग रूम कैंपस में स्थित टीटीई रनिंग रूम (त्रिवेणी ब्लाॅक) के कमरे की दीवारें पूरी तरह से क्रैक हो गई हैं। ऐसे में ये भवन रनिंग कर्मचारियों की सुरक्षा एवं संरक्षा के दृष्टिकोण से असुरक्षित हो गया है और प्रयोग योग्य नहीं है। उधर, रेलकर्मियों में भय का माहौल है।
आईआरसीटीएसओ के महामंत्री पवन राय का कहना है कि रनिंग रूम शिफ्ट न किया जाना हमारी जान से खिलवाड़ है। संगठन के संरक्षक टीएन पाण्डेय ने कहा कि अगर जल्द ही दूसरे भवन में शिफ्ट नहीं किया गया तो हमारा संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।