अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार दोपहर एनेक्सी भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश में शहर में हो रहे जलभराव पर अधिकारियों पर नाराजगी जताई। इसके बाद शाम को निर्माणाधीन गोड़धोइया नाला परियोजना का निरीक्षण किया। इस दाैरान सीएम ने लोगों से नाले में कूड़ा न फेंकने की अपील की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अफसराें को चेतावनी देते हुए कहा कि महानगर में किसी भी दशा में जलभराव की समस्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी जरूरी तैयारी या व्यवस्थाएं करनी हैं, उन्हें सुनिश्चित किया जाए। कहीं भी और किसी भी दशा में जलभराव नहीं दिखना चाहिए।
सीएम ने कहा कि नाले, नालियों की बड़े पैमाने पर सफाई कराएं और बारिश होने पर अधिकाधिक पंपों का संचालन सुनिश्चित करते हुए ध्यान रखा जाए कि कहीं भी जलभराव न होने पाए। सभी नाले, नालियों की नियमित सफाई कराई जाए, नाले, नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को रोका जाए ताकि इससे नाले चोक न होने पाएं। महानगर के राप्ती कॉम्प्लेक्स, गोरक्ष एंक्लेव, विजय चौराहा तथा धर्मशाला आदि पर हुए जलभराव की जानकारी ली। े