महराजगंज। पीएचसी पनियरा में 20 दिनों के अंदर सेलेक्ट्रा मशीन स्थापित कर दी जाएगी। मशीन का संचालन शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए गोरखपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सेलेक्ट्रा मशीन को स्थापित करने में लगभग चार लाख रुपये खर्च होंगे और इससे 40 प्रकार की जांच की जा सकेगी।
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा की ओपीडी में रोजाना 150 से 200 लोग आते हैं। यहां मरीजों को लिवर, किडनी समेत कई तरह की जांचों के लिए मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल या अन्य शहरों में जाना पड़ता है। मशीन संचालन के लिए तकनीकी टीम को प्रशिक्षित किया जाएगा। पनियरा से पांच किलोमीटर दूर स्थित भवानीपुर के अनिल कुमार निषाद बताते हैं कि अब तक किसी भी तरह की जांच के लिए गोरखपुर जिला अस्पताल या अन्य शहर में जाना पड़ता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सेलेक्ट्रा मशीन से ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, लिवर फंक्शन, किडनी फंक्शन, यूरिक एसिड, क्रिएटिनिन, बिलीरुबिन, प्रोटीन जैसी जांचें आसानी से की जा सकेंगी।