जिला अस्पताल के ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़।संवाद
महराजगंज। मौसम में बदलाव की वजह से बच्चे सर्दी, खांसी व बुखार जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। छोटे बच्चों में निमोनिया का खतरा भी बढ़ा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 25 से 30 बीमार बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में सोमवार को बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ दिखी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजन मिश्रा के कक्ष के सामने मरीजों की कतार लगी थी। बच्चों को लेकर पहुंचे अभिभावक अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
डॉ. रंजन मिश्रा ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण तापमान कम हो गया है। 10 साल से कम उम्र के बच्चों में सर्दी, खांसी व बुखार की समस्या बढ़ी है। इस सप्ताह सर्दी, खांसी व बुखार से प्रभावित बच्चों की संख्या अधिक रही है। प्रतिदिन औसतन 25 से 30 बीमार बच्चे ओपीडी आ रहे हैं। कक्ष के बाहर खड़े दिनेश यादव ने बताया कि बेटे को कई दिनों से खांसी आ रही है।
संगीता देवी ने बताया कि नाक जाम होने से बेटी को सांस लेने में परेशानी हो रही है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजन मिश्रा ने बताया कि एक साल से कम उम्र के बच्चों को निमोनिया का खतरा अधिक रहता है क्योंकि उनकी प्रतिरक्षा प्रणाली पूरी तरह से विकसित नहीं होती है। कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली, कुपोषण और समय से पहले जन्म जैसे जोखिम कारक निमोनिया के खतरे को और भी बढ़ा देते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जाता है। दवाएं पर्याप्त हैं। मौसम में बदलाव के कारण बच्चे बीमारी की चपेट में अधिक आ रहे हैं।