गोरखपुर। शहर के रामजानकीनगर स्थित मुकीम सिद्दीकी शूटिंग एकेडमी के शूटरों ने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने जसपाल राणा मेमोरियल इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप और प्री नेशनल प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 21 से 30 जून तक आयोजित 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर एकेडमी के सभी शूटर 13 से 27 जुलाई तक उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में होने वाली जसपाल राणा मेमोरियल इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए चयनित हुए हैं। इसके अलावा इनमें से अधिकांश शूटर अगस्त या सितंबर में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप और ऑल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप (प्री नेशनल) के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं।
एकेडमी के मुख्य प्रशिक्षक मुकीम सिद्दीकी के साथ पिस्टल वर्ग में अरनव श्रीवास्तव, मुहम्मद अब्दुल्ला खान, दिलीप यादव, अनुष्का टेकरीवाल, निधि झाझरिया और विधि अग्रवाल, जबकि राइफल वर्ग में विभव अजीत सरिया और दीपक श्रीवास्तव प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
मुकीम सिद्दीकी ने बताया कि खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासित अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी इंडिया ओपन और प्री नेशनल प्रतियोगिताओं में भी गोरखपुर के शूटर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।