गोरखपुर विश्वविद्यालय के नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर और सामाजिक संस्था राइजिंग एंजेल्स की ज्वाइंट सेक्रेटरी सीमा राय को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया।
रक्षामंत्री ने उन्हें नेशनल कैडेट कोर रक्षामंत्री प्रशंसा पत्र, बैज और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान 31 जुलाई को बाघ एक्सप्रेस यात्रा के दौरान दर्द से तड़पती गर्भवती को सुरक्षित प्रसव कराने में मदद देने के लिए मिला। उनकी सफलता पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, मित्रों सहित शहर के लोगों ने मुबारकबाद दिया है।
सीमा राय गोरखपुर विश्वविद्यालय एनसीसी 15वीं बटालियन की गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर हैं। 31 जुलाई 2019 को वह अपनी बटालियन की कैडेट्स को लेकर बरेली कैंप में शामिल होने के लिए बाघ एक्सप्रेस ट्रेन से रवाना हुई थीं। इसी ट्रेन की एस-चार बोगी में गर्भवती रेनू सिंह हरदोई जाने के लिए मैरवा स्टेशन से सवार हुई थीं। रास्ते में उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हुई और बढ़ती गई। सीमा राय और उनकी कैडेट्स ने रेनू का सुरक्षित प्रसव का जिम्मा उठाया।
कैडेट्स ने चिकित्सा कोर की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया था। ट्रेन के लखनऊ पहुुंचने पर रेलवे के डॉक्टरों ने जच्चा-बच्चा की जांच कर जरूरी चिकित्सा देकर सीमा राय और कैडेट्स की देखरेख में ट्रेन से हरदोई को रवाना किया था। स्टेशन पर परिजनों को सीमा ने जच्चा-बच्चा सौंपने की भी जिम्मेदारी निभाई थी। दिल्ली में बुधवार को हुए नेशनल कैडेट कोर के कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें सम्मानित कर समाज सेवा में इसी तरह के काम करते रहने को प्रोत्साहित किया। बुधवार रात रक्षामंत्री की ओर से सम्मानित कैडेट्स को प्रीति भोज भी दिया गया।
सीमा राय को उनकी उपलब्धि पर महिलाओं की संस्था राइजिंग एंजेल्स की अध्यक्ष तूलिका त्रिपाठी, उपाध्यक्ष अंजना केसरवानी, तनुश्री बनर्जी, अमिता, निक्की रानी, पूनम आहूजा, स्वाती मुखर्जी, पूनम गुप्ता, अंशू केसरवानी, शिवानी गुप्ता, नीतू सिंह, शालिनी बागरी, निशा गोयल, रिंकी शर्मा के साथ ही विवि के शिक्षकों ने भी बधाई दी।