गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज कॉलेज के 125वें वर्षगांठ पर आयोजित अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में मेजबान सेंट एंड्रयूज कॉलेज ने फाइनल में जगह बना ली है। 18 मार्च को गोरखपुर विश्वविद्यालय की टीम से खिताबी मुकाबला सुबह 10 बजे से खेला जाएगा।
शनिवार को सेंट एंड्रयूज कॉलेज और दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में प्रतियोगिता का अंतिम लीग मैच खेला गया। डीवीएनपीजी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह मैच जीत लिया। हालांकि, लीग मैचों के अंकों के आधार पर सेंट एंड्रयूज कॉलेज की टीम फाइनल में पहुंची।
लीग में डीडीयू की टीम अपने सभी मैच जीतकर पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है। सेडिका दूसरे, दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज तीसरे एवं महात्मा गांधी पीजी कॉलेज की टीम चौथे स्थान पर रही। मीडिया प्रभारी प्रो. सुशील राय ने बताया कि फाइनल मैच कॉलेज के क्रिकेट मैदान पर 18 मार्च को सुबह 10 बजे से खेला जाएगा। दोपहर 1:30 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि एनई रेलवे के स्टेशन डायरेक्टर जेपी सिंह होंगे।