तुम्हारा सफर यहीं खत्म, अब हम तुम्हारी मेहमाननवाजी करेंगे, यह कहते हुए सादे कपड़ों में सुरक्षा एजेंसी के एक दल ने रविवार को सप्तक्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहे तीन संदिग्ध लोगों को लखनऊ में उतार लिया। बताया जाता है कि इनमें से दो के खिलाफ सोमवार को जाली करेंसी रखने का मुकदमा दर्ज करवाकर उन्हें चारबाग रेलवे पुलिस को सौंप दिया गया है। बाकी एक संदिग्ध का क्या हुआ, यह कोई भी नहीं बता सका।
चारबाग रेलवे स्टेशन जीआरपी प्रभारी ने बताया कि दो जालसाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें जसवीर सिंह सिरसा हरियाणा का रहने वाला है, जबकि दूसरा जालसाज गुरबचन सिंह राजस्थान के सूर्यनगर का है। एटीएस के फील्ड यूनिट प्रभारी उमेश कुमार पांडेय ने इन जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। जालसाजों के पास से दो मोबाइल, 3220 रुपये नकद और दो डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इन आरोपितों के गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस सोमवार सुबह करीब 11 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचने की गिरफ्तारी की बात दर्ज है।
पुलिस की दर्ज एफआईआर के इतर अमर उजाला को प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरपुर से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस से तीन युवकों को पकड़ा गया था। सप्तक्रांति, गोरखपुर रेलवे स्टेशन से रविवार शाम करीब 7-04 बजे रवाना हुई । यह ट्रेन करीब आधा घंटे लेट थी। ट्रेन छूटने के साथ ही एसी थ्री के बी-वन कोच में एक के बाद एक करीब आधा दर्जन लोग दाखिल हुए।
शारीरिक गठन पुलिसवालों-फौजियों जैसा था, उनमें से कुछ लुंगी, कुर्ता भी पहने हुए थे। एक साथ बड़ी संख्या में लोग अंदर आए तो कोच अटेंडेंट ने उनसे सवाल किया कि टिकट है। इस पर उनमें से एक ने उसे अपना कोई आईडी दिखाया, उसे देखने के बाद अटेंडेट सकते में आ गया। उसकी जैसी भाव-भंगिमा बदल गई और वह आज्ञाकारी की तरह उनकी बात सुनने लगा। वे लोग एसी फर्स्ट से लगे जनरल बोगी में जाना चाह रहे थे।
अटेंडेंट उनके आगे-आगे चल रहा था, जनरल बोगी में पहुंच कर टीम एकदम से सक्रिय हो गई और देखते ही देखते तीन लोगों को दबोच लिया। इनमें से एक युवक के पास एक बैग भी था। बैग में रुपए थे। खबर है कि एटीएस टीम को किसी ने सूचना दी थी कि तीन युवक जाली करेंसी लेकर सफर कर रहे हैं। इनका आतंकी कनेक्शन भी हो सकता है। सादे कपड़ों में ट्रेन में चढ़ी यह टीम तीनों युवकों को लेकर करीब 11.52 मिनट पर लखनऊ रेलवे स्टेशन पर उतर गई। इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।