गोरखपुर जिले में पटाखा की बिक्री और बनाने की जांच एसडीएम और सीओ करेंगे। सहजनवां में हुई घटना के बाद डीएम कृष्णा करुणेश ने एसडीएम और सीओ को टीम बनाकर जांच के निर्देश दिए हैं। जिले में 39 लोगाें को पटाखा बनाने और बेचने का लाइसेंस जारी किया गया है।
सहजनवां क्षेत्र में पटाखा के गोदाम में आग लगने के बाद प्रशासन जाग गया है। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्ती बरती जाएगी। जिले में जारी लाइसेंस के संबंध में जांच करके फिर से रिपोर्ट तैयार की जाएगी। ताकि दुर्घटनाओं की रोकथाम करके जनधन की हानि रोकी जा सके।
इसे भी पढ़ें: चंद्रयान-3 को लैंड कराने में दिखा अभिषेक का मैनेजमेंट, निभा रहे अहम भूमिका
डीएम की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि एसडीएम और सीओ मौके पर जाकर लाइसेंस धारकों की जांच करें। दुकानों और गोदामों के बारे में पूरी रिपोर्ट तैयार करें। यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो लाइसेंसधारक पर कानूनी कार्रवाई करें।
इन बिंदुओं पर होगी जांच
-पटाखा की दुकान और फैक्ट्री कहां पर स्थापित है। फैक्ट्री और गोदाम आबादी के बीच स्थित तो नहीं है।
-मानक के अनुसार सुरक्षा के इंतजाम मौजूद हैं या नहीं। बिजली के तारों की क्या स्थिति है।
-अग्निशमन यंत्र सहित अन्य सुरक्षा के उपाय मौजूद हैं या नहीं।
-अप्रिय स्थिति में मौके पर अग्निशमन दल की गाड़ी पहुंच सकेगी या नहीं।
-लाइसेंस के मुताबिक ही बिक्री हो रही है या फिर मानक का उल्लंघन हो रहा है।