उद्यमिता विकास के लिए गीडा सीईओ को स्कॉच सिल्वर अवार्ड
गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संजीव रंजन को उद्यमिता विकास और रोजगार सृजन के लिए प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड (सिल्वर) हासिल हुआ है। गीडा सीईओ को यह पुरस्कार कोरोना महामारी के दौरान एलईडी लाइट्स निर्माण का प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर लघु उद्यमी तैयार करने के लिए मिला है।
स्कॉच अवार्ड भारत को बेहतर राष्ट्र बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने वाले व्यक्तियों, परियोजनाओं और संस्थानों को दिया जाता है। यह पुरस्कार डिजिटल, वित्तीय एवं सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में किए गए सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के लिए दिया जाता है। इस अवार्ड की शुरुआत स्कॉच फाउंडेशन की ओर से वर्ष 2003 में की गई थी। संस्था की ओर से विभिन्न 35 श्रेणियों के लिए यह पुरस्कार दिया जाता है। इस बार देश भर से तकरीबन 2000 लोगों ने नामांकन किया था। इसमें कोरोना महामारी के दौरान रोजगार सृजन संबंधी श्रेणी में गीडा सीईओ को यह पुरस्कार हासिल हुआ।
गीडा ग्रोथ सेंटर में दिया गया एलईडी निर्माण का प्रशिक्षण
गीडा सीईओ ने वीएस एनर्जी टेक्नोलॉजी के सहयोग से गीडा ग्रोथ सेंटर की स्थापना की। इस सेंटर में कोरोना महामारी के दौरान उद्यमियों को एलईडी लाइट्स बनाने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। अब तक इस सेंटर में 400 लोगों को प्रशिक्षण मिल चुका है। प्रशिक्षण हासिल करने वालों में सिर्फ गोरखपुर के ही नहीं प्रदेश के अन्य जिलों के अलावा दूसरे प्रदेशों के लोग भी शामिल रहे।
प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग को मिला स्कॉच गोल्ड अवार्ड
कोरोना महामारी के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्य और मानव सेवा के लिए प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग नितिन रमेश गोकर्ण को स्कॉच अवार्ड (गोल्ड) मिला है।
कोरोना महामारी के दौरान लोगों को रोजगार की सबसे ज्यादा आवश्यकता थी। इसी को ध्यान में रखते हुए रोजगार के लिए ट्रेनिंग देने की शुरुआत की गई , जिसका काफी बेहतर परिणाम रहा। स्कॉच संस्था ने हमारे इस काम को एक बेहतर काम के रूप में मान्यता दी, यह निश्चित तौर पर हौसला बढ़ाने वाला है। आगे भी इस दिशा में काम किया जाएगा। - संजीव रंजन, सीईओ गीडा