गोरखपुर के पिपराइच इलाके में वैज्ञानिक की पत्नी की मौत मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले बेटे ने ही हत्या की थी। पिता की तहरीर पर बेटे पर गैर इरादतन हत्या का केस किया गया है।
वैज्ञानिक राममिलन की पत्नी आरती विश्वकर्मा (45) की मौत सिर में चोट लगने से हुई थी। उन्हें कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले बेटे ने धक्का दे दिया था। मंगलवार को पुलिस की पूछताछ में बेटे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
उसने बताया कि मां स्कूल जाने का दबाव बना रही थी, वो मारने आईं तो उसने उन्हें धकेल दिया। फर्श पर गिरने पर उनका सिर फट गया और खून देखकर वह घर के दरवाजे पर ताला बंदकर स्कूल बैग टांग बाहर निकल गया। पिता राममिलन की तहरीर पर पिपराइच थाने में नाबालिग बेटे पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र चेन्नई में सहायक वैज्ञानिक पद पर कार्यरत राममिलन विश्वकर्मा मूलत: कुशीनगर जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने शहर में पिपराइच क्षेत्र में अपना आवास बनवाया है।