बरहज। सरयू नदी की धारा में परिवर्तन की वजह से अधूरा पड़े मोहन सेतु का बजट संशोधित होगा। पूर्व सांसद कनकलता सिंह की पहल पर पीडब्ल्यूडी की ओर से 157 करोड़ छह लाख 14 हजार रुपये का बजट तैयार किया गया है। इससे नदी की धारा को मोड़ने के लिए ठोकर बनाने के अलावा पुल के एप्रोच मार्ग की लंबाई भी बढ़ जाएगी।
सरयू नदी पर बरहज कस्बे के पास साल 2013 में सपा के पूर्व सांसद स्व.मोहन सिंह के स्मृति में उनकी बेटी व राज्यसभा सांसद कनकलता सिंह ने एक पुल स्वीकृत कराया था। करीब 95 करोड़ की लागत से 12.08 मीटर लंबा, 7.5 मीटर चौड़ा, 11.33 मीटर ऊंचा और 39 पिलर वाला पुल बनना था। इसे साल 2017 में बनकर तैयार हो जाना था, लेकिन पुल निर्माण कार्य आज भी अधर में है।
पीडब्ल्यूडी की ओर से संशोधित बजट से पुल पर एप्रोच मार्ग, गाइडबंद आदि निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इस पुल के बनकर तैयार होने से नदी पार के परसियां-विशुनपुर देवार गांवों के अलावा आजमगढ़, मऊ, वाराणसी, बलिया, दोहरीघाट आदि जगहों के लिए लोगों की राह आसान हो जाएगी।
पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता क्षितिज जायसवाल ने बताया कि मोहन सेतु पर कराए जाने वाले निर्माण कार्य के लिए 15706.14 लाख का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इसे शासन को भेजा जा रहा है।