ऐसे कर सकते हैं आवेदन
छात्रवृत्ति के लिए श्रम विभाग के साथ साथ संबंधित तहसीलदार कार्यालय और खंड विकास अधिकारी कार्यालय से निर्धारित आवेदन फार्म हासिल कर आवेदन किया जा सकता है। इस आवेदन पत्र को प्रधानाचार्य से अभिप्रमाणित कराते हुए दो प्रतियों में कार्यालय में जमा कराना होगा। कार्यालय की ओर से आवेदनकर्ता को पावती भी प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति का लाभ केवल उन्हीं छात्र-छात्राओं को मिलेगी, जिनकी कक्षा में उपस्थिति 60 फीसदी होगी।
किस कक्षा के विद्यार्थियों को कितना वजीफा (रुपये में)
- एक से पांच तक- 100 रुपये
- छह से आठ तक- 150 रुपये
- नौंवी-दसवीं - 200 रुपये
- 11 वीं-12 वीं- 250 रुपये
- आइटीआई प्रशिक्षण पर- 500 रुपये
- राजकीय संस्थान से पॉलीटेक्निक करने पर- 800 रुपये
- स्नातक - 1000 रुपये
- स्नातकोत्तर- 2000 रुपये
- राजकीय संस्थान से इंजीनियरिंग करने पर- 3000 रुपये
- मेडिकल की पढ़ाई करने पर- 5000 रुपये
- इंजीनियरिंग और मेडिकल के स्नातकोत्तर डिग्री करने पर - 8000 रुपये
- किसी विषय से अनुसंधान करने पर - 12000 रुपये
सहायक श्रमायुक्त विनय श्रीवास्तव ने बताया कि कामगारों के बच्चों के लिए सरकार की ओर से विशेष छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इसके अंतर्गत कक्षा एक से लेकर परास्नातक, अनुसंधान तक के लिए प्रति माह सौ रुपये से लेकर 12000 रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। कोई भी पंजीकृत कामगार छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि सरकार की ओर से दी जाने वाली इस छात्रवृत्ति की जानकारी बच्चों को प्रदान करने के लिए सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है। अभिभावक अशिक्षित हैं तो फार्म भरवाने में बच्चों की मदद की जाती है। हर बच्चे तक शिक्षा को पहुंचाने की दिशा में विभाग की ओर से हर जतन किया जा रहा है।