भाजपा नेता के घर के बाहर कूड़ा गिराते सफाई कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खजनी इलाके के उनवल वार्ड नंबर दस निवासी भाजपा आईटी सेल के नेता इंद्रकुमार निगम के घर के बाहर सफाई कर्मचारियों ने शनिवार की सुबह कचरा गिरा दिया। घर और मोहल्ले में दुर्गंध फैलने पर इंद्रकुमार ने आपत्ति की तो उनकी दुकान पर ईंट-पत्थर भी फेंके। सूचना पर खजनी थानेदार मृत्युंजय राय मौके पर पहुंचे और कचरा साफ कराया।
थाने पहुंचे दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। सफाई कर्मचारियों ने भाजपा नेता पर गाली देने का आरोप लगाया तो भाजपा नेता ने जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। एक सभासद की शह पर कर्मचारियों द्वारा कचरा फेंके जाने की बात सामने आने पर पुलिस ने भाजपा नेता, सभासद समेत पांच लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया। वहीं दोनों पक्षों ने शाम को आपस में समझौता भी कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर दस निवासी तुलसी जायसवाल की शुक्रवार को मौत हो गई थी। ठंड ज्यादा होने की वजह से भाजपा नेता इंद्रकुमार ने उनके घर के बाहर अलाव की लकड़ी गिराने के लिए एक सफाई कर्मचारी को कहा। उधर से गुजर रहे कर्मचारी सुशील कुमार मौर्या ने थोड़ी देर में आने की बात कही।