गोरखपुर। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में प्रकाश नारायण श्रीवास्तव स्मारक सिक्स साइड अंडर-13 और 17 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ बृहस्पतिवार को हुआ। अंडर-13 नॉकआउट मुकाबले में पहला मैच सनातन एफसी बनाम प्रांजल एफसी के बीच में खेला गया। सनातन एफसी ने प्रांजल एफसी को 3-0 से शिकस्त देकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
दूसरा मुकाबला अचीवर्स एफसी और सहारा एफसी के बीच में खेला गया। इसमें अचीवर्स की टीम ने सहारा की टीम को 2-0 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। इसके पहले मैच का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर के राजनीति विज्ञान के सहायक आचार्य डॉ. जितेंद्र मिश्रा ने दोनों टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि फुटबॉल में जब तकनीक और कौशल का बेहतर अभ्यास हो जाएगा तो आप एक कुशल खिलाड़ी हो जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक विवेकानंद मिश्र ने किया। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के शिक्षक आशुतोष नारायण त्रिपाठी और सुशील त्रिपाठी ने किया। निर्णायक की भूमिका में मोहम्मद नईम और धर्मेंद्र ने निभाई।