गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) में वृहस्पतिवार को समाधान दिवस आयोजित की गई जिसमें मकानों के नक्शा पास न होने की सबसे ज्यादा शिकायतें आईं। राप्तीनगर निवासी भोला नाथ ओझा ने कहा, दो साल से दौड़ रहा हूं। नक्शा पास नहीं हो रहा है इसके चलते मकान नहीं बनवा पा रहा हूं। साहब, मेरा नक्शा पास करा दीजिए। इस पर जीडीए के उपाध्यक्ष ने संबंधित जेई को मामले का निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
समाधान दिवस में 20 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। मानचित्र स्वीकृति, अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण, भूमि विवाद और बाउंड्रीवाल से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जीडीए के अनुसार प्राधिकरण समाधान दिवस प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय बृहस्पतिवार को आयोजित किया जाएगा, ताकि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।
इस दौरान सचिव पुष्प राज सिंह, ओएसडी प्रखर उत्तम, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष कुमार कुशवाहा, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बोले शिकायतकर्ता
प्लाटिंग करने वाले ने जीडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना 12 लोगों को भूखंड बेच दिया है। मेरी भी जमीन है उसमें। पिछले दो साल से परेशान हूं। लेआउट जमा है, लेकिन अब तक नक्शा पास नहीं किया जा रहा है।
भोला नाथ ओझा,
राप्तीनगर
-मैंने अपनी जमीन पर निर्माण के कराने लिए मानचित्र स्वीकृति के लिए आवेदन किया है। दो साल हो गया है लेकिन नक्शा पास नहीं हुआ। इसके चलते मकान नहीं बनवा पा रहा हूं। कई बार आवेदन देने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
दुर्गेश, मायानगर मेडिकल कॉलेज
ऑनलाइन नक्शा पास नहीं हो रहा, कुछ करिए साहब
समाधान दिवस में पहुंचे बैजनाथ गुप्ता और मनीष जायसवाल ने कहा कि ऑनलाइन नक्शा पास नहीं हो रहा है। स्वीकृति में हो रही है। इस पर जीडीए उपाध्यक्ष ने संबंधित पटल के अधिकारी को तत्काल निस्तारण करने का निर्देश दिया
बाउंड्रीवाल पूरा कराइए, कृषि भूमि पर हो रही अवैध प्लाटिंग
प्रभाकर शुक्ला ने शिकायत करते हुए कहा कि कृषि भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग किया जा रहा है। कोई रोकने वाला नहीं है। जो लोग खरीदेंगे वे मकान नहीं बनवा पाएंगे। इस पर रोक लगाएं। जीडीए उपाध्यक्ष ने अवर अभियंता राकेश कुमार को त्वरित कानूनी कार्यवाही करने को कहा। वहीं, एक अन्य शिकायतकर्ता ने कहा कि भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल पूरा कराएं। इसकी जिम्मेदारी अवर अभियंता धर्मेंद्र गौड़ को सौंपी गई।
आवंटन के बाद भी नहीं मिल रहा कब्जा
बुद्ध विहार प्रथम चरण में आवंटित भूखंड संख्या-बी 11 पर कब्जे को लेकर संध्या श्रीवास्तव ने शिकायत की। कहा कि मुझे कब्जा दिलाया जाए। इस पर संपत्ति लिपिक रामसिंह यादव को निर्देशित किया गया कि वे दो दिनों के भीतर आवंटी के साथ बैठक कर जांच करें और निस्तारण कराएं।