उरुवा बाजार। क्षेऋ के मां लक्ष्मी इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी पर कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच हुई मारपीट के मामले की जांच करने मंगलवार को इंडेन के सेल्स ऑफिसर कौतुक सिंह पहुंचे। उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनी और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संचालक को निर्देश दिए। वहीं, मामले में किसी भी पक्ष द्वारा तहरीर न दिए जाने पर पुलिस ने शांति भंग की आशंका में दोनों पक्षों के तीन लोगों का चालान कर दिया।
इंडेन के सेल्स ऑफिसर ने सभी कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी उपभोक्ता के साथ अभद्रता या बदसलूकी न की जाए और वितरण व्यवस्था सुचारु रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बीते कुछ दिनों से गैस वितरण को लेकर हो रही किल्लत और हंगामे को देखते हुए सेल्स ऑफिसर ने एजेंसी को भी बड़ी राहत दी है। उन्होंने कुछ समय के लिए डीएसी जनरेट करने का अधिकार सीधे गैस एजेंसी को सौंप दिया है, जिससे उपभोक्ताओं को ओटीपी आदि की तकनीकी समस्याओं से निजात मिल सकेगी।
एजेंसी संचालक संतलाल ने निरीक्षण के दौरान बताया कि सोमवार को कुल 279 उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडरों का वितरण किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वितरण में कोई अनियमितता नहीं बरती जा रही है। स्टॉक में जितनी गैस उपलब्ध होती है, उसे नियमानुसार उपभोक्ताओं को बांट दिया जाता है।
शांतिभंग में चार पर कार्रवाई
गैस वितरण के दौरान होने वाली भीड़ और संभावित विवाद को देखते हुए पुलिस भी मुस्तैद है। थानाध्यक्ष उरुवा, श्याम देव चौधरी ने बताया कि एजेंसी पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। सोमवार को वितरण के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।