गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के गठुआखोर निवासी आरएसएस कार्यकर्ता विशुनदेव यादव ने जमीन संबंधी विवाद में पुलिस पर पीटने का आरोप लगाया है। एसएसएपी को पत्र देकर विशुनदेव ने थाना परिसर में पिटाई करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हरपुर बुदहट पुलिस आरोपों को गलत बता रही है।
एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु को दिए गए शिकायती पत्र में हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के गठुआखोर निवासी विशुनदेव का आरोप है कि उनका अपने भाई से जमीन संबंधी विवाद है। बीती 23 जुलाई को दोनों में विवाद हुआ था। इसमें भाई की तरफ से गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई थी। मामला थाने पहुंचा तो दोनों पक्षों को बुलाया गया।
विशुनदेव का कहना है कि शाम को भाई व उनके परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ दिया गया, जबकि उन्हें थाने में ही बैठाए रखा गया। रात में पुलिस ने विवाद खत्म करते हुए विवादित जमीन भाई को देने का दबाव बनाया। जब इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने पिटाई की और ट्रक के नीचे फेंक देने की धमकी दी। सुबह चालान भी कर दिया गया।
इस मामले में आरोपी दरोगा उदयभान सिंह का कहना है कि पिटाई के आरोप गलत हैं। मारपीट के आरोपियों का चालान किया गया था। वहीं हरपुर बुदहट के थानेदार उदयशंकर कुशवाहा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।