गोरखपुर जिले में चोरी की वारदातों को एक नर्सिंग होम संचालक के भाई का गिरोह अंजाम दे रहा है। पुलिस को इसके पुख्ता सबूत हाथ लग गए हैं। पुलिस ने चौरीचौरा इलाके में स्थित नर्सिंग होम पर दबिश देकर वहां से एक गाड़ी को कब्जे में लिया है।
बेलीपार इलाके में बैंक में चोरी की कोशिश के मामले में भी इसी गिरोह के शामिल होने की आशंका है। खबर है कि यहां मिले सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर कुछ आरोपियों की पहचान पुलिस ने कर ली है। जल्द ही पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लग सकती है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात में चोरों ने बेलीपार इलाके के एसबीआई शाखा में चोरी की कोशिश की थी। चोर लॉकर तक भी पहुंच गए थे, मगर उसे तोड़ नहीं पाए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की वजह से पुलिस को कुछ सुराग हाथ लग गए हैं।
हालांकि आरोपियों ने चेहरा ढंक रखा है, फिर भी ऐसे सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल लोगों की शिनाख्त कर ली है। इसके साथ ही पता चला है कि नर्सिंग होम संचालक का भाई इस पूरे गिरोह का संचालन कर रहा है। गैंग ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है।