पिपराइच में लूट का शिकार हुए बुजुर्ग से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके में चाकू दिखाकर बुजुर्ग से दस हजार नकदी और सोने की अंगूठी लूटने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग सहज जन सेवा केंद्र से रुपये निकालकर बृहस्पतिवार दोपहर लौट रहे थे। पुलिस बाइक सवार बदमाशों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पिपराइच क्षेत्र के तरकुलही गांव निवासी दिग्विजय पांडेय होली पर्व पर खरीदारी के लिए भटहट कस्बे में जन सेवा केंद्र से आधार कार्ड से दस हजार रुपये निकाले थे। रुपये लेकर पैदल ही अभी कुछ दूर आए थे कि बाइक पर सवार दो युवकों ने कहा कि बाबा आपका पैसा गिरा है तो बुजुर्ग ने अपनी जेब टटोलते हुए कहा कि उसका पैसा नहीं गिरा है।
बदमाशों को समझ में आ गया कि बुजुर्ग के पास रुपये हैं। इसके बाद थोड़ा आगे पहुंचते ही बदमाशों ने चाकू दिखाकर रुपये और अंगूठी लूट लिए। पिपराइच थानेदार मधुप मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है, तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।