परिवहन निगम के चालक, परिचालक एवं कर्मचारी अब बिना कोविड का टीका लगवाए काम नहीं कर सकेंगे। यात्रियों की सुरक्षा के लिए निगम ने ‘नो वैक्सीन, नो वर्क’ फार्मूला लागू कर दिया है।
कोरोना काल में रोडवेज कर्मी फ्रंटलाइन वर्कर के रुप में काम कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। अधिक लोगों से संपर्क में आने के कारण उनका कोविड टीकारण आवश्यक है। लेकिन बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मी टीकाकरण कराने से कतरा रहे हैं। जबकि उनका टीका लगवाना सभी के हित में हैं। ऐसे में परिवहन निगम प्रबंधन ने अब टीकाकरण को लेकर सख्ती करनी शुरु कर दी है।
अब कार्य पर आने के लिए चालक, परिचालक और कर्मचारियों टीकाकरण का प्रमाणपत्र दिखाना अनिवार्य होगा। जो भी कर्मचारी प्रमाणपत्र नहीं दिखाएगा उसे कार्यस्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी हाल में बिना कोविड का टीका लगे कर्मचारियों से काम नहीं लिया जाए। कर्मचारी कोरोना टीका लगवाने के बाद ही ड्यूटी पर आए।
गोरखपुर परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी ने बताया कि सभी चालकों, परिचालकों एवं कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगवाने के निर्देश दिए गए है। जो भी टीका नहीं लगवाएगा उनसे काम नहीं लिया जाएगा।