महंगाई भत्ता रोके जाने के विरोध में क्षेत्रीय कार्यशाला में रोडवेज कर्मचारियों ने मंगलवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान न ही उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का खयाल रहा और न ही लॉकडाउन का।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश और रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर बड़ी संख्या में कर्मचारी शाखा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कैलाश प्रसाद के नेतृत्व में क्षेत्रीय कार्यशाला में एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे।
इस दौरान कैलाश प्रसाद ने कहा कि कोरोना महामारी में जान जोखिम में डालकर परिवहन निगम के कर्मचारी और अधिकारी दूसरे प्रदेशों से आ रहे श्रमिकों को उनके गांव पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार के साथ सभी अधिकारी और कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर संकट की इस घड़ी में खड़े हैं लेकिन राज्य सरकार अपने कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के बजाये उनका मनोबल तोड़ रही है।
उन्होंने मांग की कि महंगाई भत्ते सहित सभी भत्तों को फिर से लागू किया जाए। जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ सके। प्रदर्शन का संचालन शाखा मंत्री अजय कुमार ने किया। प्रदर्शन में नारायण विश्वकर्मा, शिब्बन लाल, राम मूरत, अंजली यादव, इशरत जहां, कमला देवी, रामनरेश सिंह, राकेश कुमार श्रीवास्तव, हरिलाल, संत शरण सिंह, लालजी, शशिकांत, अमर कुमार गुप्ता, लाल बिहारी, रत्नेश पांडेय, पन्ने लाल, राहुल यादव, रामाशीष शाही, ओम प्रकाश ओझा, अरविंद श्रीवास्तव, राम पूजन यादव आदि शामिल रहे।