धरना प्रदर्शन करते रोडवेज चालक-परिचालक।
- फोटो : अमर उजाला
आकस्मिक अवकाश के दिन का वेतन काटे जाने के विरोध में सोमवार को रोडवेज के संविदा चालकों एवं परिचालकों ने चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लखनऊ दिल्ली रूट पर बसों का संचालन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे के बीच ठप रहा। इससे रोडवेज यात्री परेशान हुए।
संविदा चालक-परिचालक संघर्ष समिति के बैनर तले रोडवेज के संविदा चालक व परिचालक सुबह 10 बजे गोरखपुर डिपो पर एकत्रित हुए और आकस्मिक अवकाश के दिन का वेतन काटे जाने के विरोध सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान संविदा चालकों एवं परिचालकों के माध्यम से लखनऊ एवं दिल्ली रूट पर चलने वाली बसों का संचालन पूरी तरह से ठप हो गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समिति के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि परिवहन निगम मनमानी कर रहा है। इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।