हड़ताल के बाद बैंक खुलने पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
दो दिनों की हड़ताल और रविवार को अवकाश के चलते लगातार तीन दिनों तक बंद बैंक सोमवार को खुले तो ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। हड़ताल की वजह से कई लोगों के जरूरी लेनदेन प्रभावित थे। करीब 600 करोड़ का व्यापार प्रभावित हुआ था। ऐसे में सोमवार को बैकों के भीतर सुबह से ही व्यापारियों व अन्य खाताधारकों की लंबी कतार लग गई। बैंक रोड स्थित एसबीआई में चेक लेकर पहुंचे रविंद्र सिंह ने बताया कि बैंकों में हड़ताल की जानकारी नहीं मिल पाई थी। इस वजह से चेक फंसा रह गया था। इसे तीन दिन बाद सोमवार को जमा कर सका हूं।
एटीएम भी जल्द हो गए खाली, भटकते रहे लोग
सोमवार लोगों को करेंसी की किल्लत भी झेलनी पड़ी। शहर के विभिन्न इलाकों में करीब 11 बजे ही कई एटीएम खाली हो गए। ऐसे में लोगों को एक से दूसरे एटीएम भटकना पड़ा। मोहद्दीपुर से नौसड़ तक ज्यादातर एटीएम खाली थे। नौसड़ के एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पैसा मिला लेकिन यहां लंबी कतार थी।
सामान्य तौर सोमवार को शहर में काफी भीड़ रहती है। आसपास के इलाकों से भी काफी संख्या में लोग शहर आते हैं और जरूरत के वक्त एटीएम से पैसे भी निकालते हैं, लेकिन इस बार एटीएम खाली होने कल वजह से कई लोगों को मायूस लौटना पड़ा। बैंक रोड, जुबली रोड, तिवारीपुर, बगहा बाबा मंदिर रोड रुस्तमपुर, नगर निगम, गोलघर आदि इलाकों के कई एटीएम दोपहर से पहले ही खाली हो गए।
खरीदारी के लिए बाजार निकली थी, लेकिन कई एटीएम में पैसे नहीं मिले। काफी भटकने के बाद रुपये मिल सके।
- अंजली वर्मा, जाफरा बाजार
तिवारीपुर इलाके में स्टेट बैंक के अलावा दो अन्य एटीएम भी खाली मिले। चौथे एटीएम में जाकर पैसा मिल सका।
- अमित यादव, पैडलेगंज