गोला में एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त रोडवेज की बस और स्कूली बस।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले में गोला इलाके के पटौहा चौराहे पर सोमवार सुबह खड़ी स्कूली बस में पीछे से रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन, बच्चे डर की वजह से चीखने लगे। सूचना पर उनके परिजन भी पहुंच गए और बच्चों को लेकर घर गए।
पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में भी लिया, लेकिन स्कूल के प्रबंधक की ओर से कार्रवाई नहीं करने का प्रार्थना पत्र मिलने के बाद बस को छोड़ दिया गया। हादसे की वजह एक साइकिल सवार को बचाना सामने आया है।
इसे भी पढ़ें: विश्वविद्यालय में BBA के छात्र को मिला 6.60 लाख का पैकेज, इन दो छात्रों ने भी मारी बाजी
गोल के केबीएस एकेडमी की बस सोमवार सुबह 28 बच्चों को लेकर पटौहा चौराहे पर पहुंची थी। चालक गोला के रमेश सिंह बस को किनारे खड़ा करके एक बच्चे के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर-सोनौली रोडवेज की बस एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई और पीछे से स्कूली बस में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बच्चे चीखने लगे और आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। रोडवेज बस को रोकने के साथ ही ग्रामीणों ने बच्चों को शांत कराया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्चों के अभिभावकों को फोन किया, जिसके बाद वे भी मौके पर पहुंच गए।