- बिजली के तार और पोल को हटाकर करेंगे अंडरग्राउंड, बनाया जाएगा पाथवे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। सर्किट हाउस के सामने से लेकर फूडपार्क तक सड़क का सुंदरीकरण होगा। सड़क को चौड़ा कराने के साथ ही पाथवे बनाया जाएगा। सड़क के दोनों ओर आकर्षक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। जीडीए के अधिकारियों का कहना है कि इसका काम जल्द ही शुरू कराया जाएगा।
सर्किट हाउस के गेट के सामने से एक सड़क फूड पार्क से होकर होटल मैरियेट के सामने से मुख्य रोड में मिलती है। एनेक्सी भवन के सामने 2.30 एकड़ में फूड पार्क बनाया जा रहा है। इससे इस रोड पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाएगी। इसलिए इस रोड के चौड़ीकरण की योजना जीडीए ने बनाई है।
जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि सात सौ मीटर लंबी सड़क को करीब तीन करोड़ रुपये के बजट से चौड़ा किया जाएगा। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई 10.50 मीटर है। इसकी चौड़ाई 6.50 मीटर बढ़ाकर कुल 17 मीटर की जाएगी। इससे इस रोड पर वाहनों का आवागमन सुगम हो सकेगा।
बिजली के तार-पोल होंगे शिफ्ट, होगी अंडरग्राउंड वायरिंग
सड़क के चौड़ीकरण के बाद डेढ़ मीटर का पाथवे बनाया जाएगा। इसके दोनों ओर सजावटी पौधे और लाइटें लगाई जाएंगी। इस सड़क पर लगे बिजली के पोल और तारों को शिफ्ट किया जाएगा। डक बनाकर तारों को अंडरग्राउंड कर दिया जाएगा। इसके लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। बारिश थमने के बाद इसका काम शुरू कराकर तीन माह में पूरा कराने का लक्ष्य जीडीए ने रखा है।
कोट
रोड का चौड़ीकरण कराने के संबंध में कार्रवाई चल रही है। जल्द ही इसका काम शुरू कराया जाएगा। रोड के चौड़ीकरण के साथ ही पाथवे बनाया जाएगा।
-आनंद वर्धन, उपाध्यक्ष, जीडीए